डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के वाजेडा गांव में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होली का पारंपरिक गैर नृत्य कर रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में करीब 20 लोग घायल हो गए। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वाजेडा गांव में होली के पारंपरिक गैर नृत्य का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान पास के एक छत्ते से मधुमक्खियां भड़क उठीं और नृत्य कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते कई लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए लोगों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें डूंगरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


