बरियातू थाना गेट के पास शाम लगभग 7:15 बजे की घटना बरियातू थाना गेट के पास से वारंटी जमीन कारोबारी पिता को गिरफ्तारी से बचाने के लिए भगाने वाले बेटे को गिरफ्तार कर पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। उसका नाम सरवर अंसारी है आैर वह बरियातू बस्ती का रहने वाला है। वहीं थाना गेट के पास से भागने वाले आरोपी वारंटी का नाम निजामुद्दीन अंसारी है। पुलिस ने बरियातू थाने के दरोगा भानु कुमार भारती की लिखित शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बेटे सरवर को जेल भेज दिया है। प्राथमिकी में दारोगा ने कहा है कि उनको 26 जून की शाम लगभग 7:15 बजे गुप्त सूचना मिली कि वारंटी निजामुद्दीन अंसारी सफेद रंग की कार से पत्नी व बेटा सरवर अंसारी के साथ अपने घर से करमटोली की तरफ निकला है। इसके बाद बरियातू थाना गेट के पास चेकिंग लगाई गई। कुछ ही देर में सफेद रंग की कार वहां पहुंची, जिसे रुकने का इशारा किया गया। वाहन चालक सरवर अंसारी ने पुलिस जवान को जान मारने की नीयत से गाड़ी आगे बढ़ा दी। इसके बाद बैरिकेडिंग कर उसे रोका गया तो वह जवानों के साथ भिड़ गया और गाली-गलौज करते हुए वारंटी जमीन कारोबारी पिता को भगा दिया। हालांकि पुलिस ने सरवर को गिरफ्तार कर लिया। मालूम हो कि जमीन देने के नाम पर ठगी करने वाले निजामुद्दीन अंसारी की पुलिस पिछले कई दिनों से तलाश कर रही है। इस बार वह पकड़ में आ जाता, यदि उसके बेटे ने भागने में मदद नहीं की होती। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।


