वाराणसी में माघ मेले के स्नान पर जुटने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अफसर मुस्तैद हैं। गोदौलिया से मैदागिन चौराह तक सभी रूट और पूरे क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस रूट पर वाहनों के आवागमन को पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है। केवल आमजन ही नहीं VIP प्रोटोकॉल नो-व्हीकल जोन में लागू नहीं होगा, वीआईपी को भी मंदिर की वैकल्पिक व्यवस्था या पैदल ही जाना होगा। क्राउड मैनेजमेंट के लिए भी अलग से गाइडलाइन तैयार की गई है। वहीं पोस्ट बनाकर सभी जगह ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने आगामी माघ मेला–2026 के दौरान संभावित पलट-प्रवाह को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं/दर्शनार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मैदागिन से गोदौलिया चौराहा तक नो-व्हीकल जोन में बैरियर भी लगाने के निर्देश दिए हैं। सीपी ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से निर्धारित यातायात नियमों एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि पैदल मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग कर काशी में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने में सहभागिता करें। CP ने तय किए मुख्य पॉइंट 1. मैदागिन से गोदौलिया चौराहा तक के सम्पूर्ण क्षेत्र को “नो-व्हीकल जोन” घोषित किया गया है । 2. चौक के आसपास पूरे क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा । 3. प्रतिबंध में वीवीआईपी, वीआईपी, सेना, अर्द्ध सैनिक बल, पुलिस एवं प्रशासनिक वाहनों को भी शामिल किया गया है । 4. यह निर्णय विशेष रूप से माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या एवं संभावित भीड़ दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लिया गया है । 5. नो-व्हीकल जोन में केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से दर्शन कर सकें । स्थानीय व्यापारियों के दो पहिया वाहनों को इससे छूट रहेगी । 6. क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग एवं निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई है । 7. दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों हेतु गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी । 8. यातायात पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए हैं ।


