वाराणसी में हवा में चक्कर लगाते रहे विमान:घंटेभर बाद हो सकी लैंडिंग, विजिबिलिटी 300 मीटर रही; हैदराबाद और बेंगलुरु से आए यात्री परेशान

वाराणसी एयरपोर्ट पर खराब मौसम के चलते रविवार सुबह 2 फ्लाइट घंटेभर हवा में चक्कर लगाती रही। विजिबिलिटी करीब 300 मीटर होने से फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी। हैदराबाद और बेंगलुरु की फ्लाइट देरी से लैंड होने से यात्री परेशान रहे। अकासा एयर फ्लाइट संख्या QP1633 रविवार सुबह 8.51 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी। सुबह 10 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में फ्लाइट ने प्रवेश किया। इसके बाद विजिबिलिटी कम होने के चलते विमान वाराणसी हवाई क्षेत्र में करीब 1 घंटे तक हवा में 7 चक्कर लगाता रहा। फिर 11 बजे विमान की लैंडिंग हुई। वहीं, अकासा एयर फ्लाइट संख्या QP 1421 रविवार सुबह 8.40 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट से वाराणसी के लिए उड़ान भरी थी। विमान सुबह 10:20 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंचा। यह विमान भी विजिबिलिटी कम होने के चलते हवा में चक्कर लगाता रहा। वाराणसी एयरपोर्ट पर 11.10 बजे विमान की लैंडिंग हुई। आज सुबह से छाया घना कोहरा
वाराणसी में आज रविवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। सप्ताह की शुरुआत में असरदार धूप होने के साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था तो न्यूनतम तापमान 13 रिकॉर्ड किया गया था। इस बीच शनिवार दोपहर मौसम बदल गया। दोपहर करीब 12 बजे शहर से लेकर गांव तक पहले बूंदाबांदी शुरू हुई, फिर हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अब कोहरा पड़ता रहेगा
मौसम वैज्ञानिक ने सोमवार को भी घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है और सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। उत्तर-पश्चिमी यूपी को छोड़कर अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। अब आने वाले दिनों में कोहरा रोज छाने के आसार हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *