वार्डों के पुनर्गठन की कांग्रेस ने दर्ज कराई आपत्तियां

भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस विधि विभाग द्वारा मंगलवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्डों के पुनर्गठन में हुई त्रुटियों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। जिला कांग्रेस के मेवाराम सोनी ने बताया कि जिला परिषद, पंचायत समितियों एवं ग्राम पंचायतों के परिसीमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन से प्राप्त आपत्तियों व सुझावों को एकत्रित कर जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से जिला प्रशासन को सौंपा गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पंचायती राज अधिनियम की धारा 14(2) के तहत 31 दिसंबर को जिला परिषद बाड़मेर के वार्डों का जो पुनर्गठन प्रकाशित किया गया है, उसमें कई स्थानों पर त्रुटियां एवं विसंगतियां सामने आई हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति के वार्डों का सीमांकन आनन-फानन और जल्दबाजी में किया गया है, इसके चलते कई वार्डों में मतदाताओं की संख्या असंतुलित हो गई है तथा आंतरिक गांवों की दूरी भी अत्यधिक रखी गई है। ज्ञापन में बताया गया कि जिला परिषद के वार्ड 5 में जनसंख्या 26,955 निर्धारित की गई है, जबकि वार्ड 22 में यह संख्या 47,371 है, जिससे लगभग 21 हजार मतदाताओं का अंतर बनता है। इसी प्रकार वार्ड संख्या 07, 19, 28 एवं 31 में भी मतदाताओं की संख्या अधिक है, जिन पर पुनर्विचार कर नजदीकी पंचायतों को जोड़ते हुए मतदाता संख्या लगभग 35 हजार के आसपास रखने की मांग की गई है। कांग्रेस ने यह भी आपत्ति जताई कि एक ही राजस्व ग्राम के मतदाताओं को दो अलग-अलग वार्डों में बांटा गया है, जैसे वार्ड संख्या 9 एवं 13, जिन्हें पुनः समीपवर्ती पंचायत समिति के गांवों में जोड़ा जाना चाहिए। इसके अलावा कई वार्डों में पंचायतों की दूरी मूल पंचायत समिति से 40 से 45 किलोमीटर तक रखी गई है, जो व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में मांग की गई है कि जिला परिषद के वार्डों को एक ही पंचायत समिति में रखा जाएं अथवा आंशिक रूप से नजदीकी पंचायतों को ही जोड़ा जाए। कांग्रेस ने वार्ड 26 एवं 33 सहित अन्य वार्डों में मतदाताओं की असमानता को भी दूर करने की मांग की है और कहा है कि जहां मतदाता अधिक हैं, वहां नजदीकी वार्डों की पंचायतों को जोड़कर संतुलन बनाया जा सकता है। ज्ञापन के माध्यम से पंचायत समिति वार्डों के सीमांकन को भी मतदाता संख्या के अनुसार पुनर्गठित कर नए सिरे से अंतिम प्रकाशन करने की मांग की गई। इस दौरान पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, पूर्व प्रधान समरथाराम चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खां, पूर्व उपजिला प्रमुख सोहनलाल चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष रघुनाथराम चौधरी, देवाराम चौधरी, पन्नाराम मेघवाल, करनाराम मेघवाल, एडवोकेट मुकेश जैन, पूनमसिंह चौधरी, जसवंत बोहरा, कमाल खां, एडवोकेट इकबाल, अमित सोलंकी, कैलाश परिहार, हंसराज चौधरी, लोकेश चौधरी, महावीर बोहरा, बच्चू खां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *