चाईबासा| दिन प्रति दिन चाईबासा नगर परिषद के क्षेत्राधिकार में आवासीय कॉलोनियों का विस्तार होता जा रहा है। किंतु स्थानीय निवासियों को उस दृष्टिकोण से मुकम्मल नागरिक सुविधाएं प्राप्त नहीं है। रोरो नदी के तट पर बसे वार्ड नं.-1 में न्यू कॉलोनी, पुलहातु व श्मशान काली मंदिर मार्ग में अवस्थित महादेव कॉलोनी, वार्ड न. 2 के निवासी अपने क्षेत्र के विकास की आस में टकटकी लगाए हुए हैं। देखा जाए तो मूलभूत नागरिक सुविधाएं अब तक ये लोग वंचित हैं। न्यू कॉलोनी पुलहातु वार्ड-1 में सड़क वजूद में ही नहीं हैं। कच्ची सड़क व अन्य व्यवस्था आपसी सहयोग से की गई है। यहां करीब 30-40 मकान व आबादी डेढ़ सौ से दो सौ के करीब है। यहां के लोग पक्की सड़क, पक्की नाली, स्ट्रीट लाइट, पाइप लाइन द्वारा पेयजल आपूर्ति आदि की सुविधा से वंचित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक न नगर परिषद न सांसद, विधायक, वार्ड पार्षद और न ही किसी जिम्मेदार पदाधिकारी ने हमारी सुध ली है। लोगों को आने-जाने में परेशानी, नाली नहीं, जल जमाव से मच्छरों का प्रकोप व स्ट्रीट लाइट नहीं होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय गृहिणी नीलम देवी व रोहन कुमार का कहना है कि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत प्रत्येक वार्डों में हर-घर, नल-जल योजना के तहत पाइप लाइन कनेक्शन दिया गया है, किंतु यहां अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। पूर्व में वार्ड पार्षद से मूलभूत समस्या के बारे में बताया गया था, किंतु आज तक समाधान नहीं हो पाया। विकास सिर्फ कागजों पर सिमट कर रह गया है। वार्ड संख्या- 2, महादेव कॉलोनी निवासी नीलकमल राय व पंकज विश्वकर्मा का कहना है कि यहां करीब 70 से 80 की संख्या में मकान हैं। 15 सौ के आसपास आबादी रहती है। पक्की सड़क के अभाव में बरसात के दिनों में कीचड़ के कारण स्थिति काफी बदतर हो गई है। कीचड़ में महिलाएं व बच्चे गिरकर कई बार चोटिल भी हो चुके हैं। पक्की नाली के अभाव में पानी निचले इलाकों में जमा हो जाता है। जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। पानी निकास की सुविधा नहीं होने से कच्ची सड़क पर ही पानी बहता है। वहीं लोगों ने विद्युत आपूर्ति हेतु स्वयं कॉलोनी के लोगों ने बांस आदि के सहारे दो-दो सौ मीटर की दूरी से तार जोड़कर कर घर तक बिजली लाने की व्यवस्था की है। शहर का हिस्सा होने के बावजूद क्षेत्र के निवासियों को उपेक्षा का दंश झेलना पड़ रहा है। मूलभूत सुविधाओं के नाम पर अब तक कुछ नहीं मिला है। होल्डिंग टैक्स देने के बाद भी सिर्फ और सिर्फ परेशानी ही सौगात में अबतक मिली है।


