वार्ड पार्षद के लिए 94 ने किया नामांकन, इनमें 65 महिलाएं

रांची नगर निगम के वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया रफ्तार पकड़ती जा रही है। सोमवार को नामांकन के चौथे दिन कचहरी और समाहरणालय परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना रहा। विभिन्न वार्डों से पहुंचे प्रत्याशियों, समर्थकों और प्रस्तावकों की भीड़ के कारण पूरा इलाका चुनावी रंग में रंगा नजर आया। हाथों में कागजात, चेहरे पर उत्साह और समर्थकों के नारों के बीच प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने पहुंचे। सोमवार को कुल 94 प्रत्याशियों ने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इनमें 65 महिला हैं। इसके अतिरिक्त 100 लोगों ने वार्ड पार्षद पद पर नामांकन के लिए पर्चा भी खरीदा। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने में अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में चुनावी सरगर्मी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि बचे हुए समय में बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे, जिससे कचहरी और समाहरणालय परिसर में भीड़ और चहल-पहल बढ़ेगी। चुनाव को लेकर समर्थकों की आवाजाही और रणनीतिक बैठकों का दौर तेज हो गया है। ढ़ोल-मांदर की थाप से गूंज उठा कचहरी रोड नामांकन को लेकर प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ गाजे-बाजे के साथ कचहरी परिसर से बाहर आए। दिन भर ढ़ोल-मांदर के साथ प्रत्याशी नाचते-झुमते, नारे लगाते हुए पहुंचे। उसके बाद नामांकन किया। नामांकन करने के बाद सभी ने जीत का दावा किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *