वार्ड-10 में 3 दिन से नहीं आया पानी, लोगों ने किया रोष प्रदर्शन

भास्कर न्यूज | अमृतसर वार्ड नंबर 10 के गंडा सिंह, ऋषि विहार, मून एवेन्यू और आसपास के इलाकों में तीन दिन से पीने का पानी नहीं आ रहा है। शनिवार को लोगों ने पार्षद श्रुति विज के नेतृत्व में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ रोष जताया। पार्षद ने बताया कि नगर निगम की ओर से लगाए गए ठेकेदार बलविंदर सिंह ने तीन दिन से कहा कि मोटर ठीक हो जाएगी। शनिवार दोपहर 12 बजे तक मोटर ठीक करने का वादा किया गया था। इसके बाद न तो ठेकेदार ने फोन उठाया, न ही किसी अधिकारी ने जवाब दिया। मजबूरी में उन्हें लोगों के साथ सड़क पर उतरना पड़ा। श्रुति विज ने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे लोगों के साथ कंपनी बाग में मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामने खाली बर्तन लेकर पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सुविधाएं देने के जो वादे किए गए थे, वे झूठे साबित हो रहे हैं। पार्षद ने मेयर जितेंद्रपाल सिंह मोती भाटिया का धन्यवाद किया कि उनके एक फोन पर बीते दिन पानी का टैंकर भेजा गया। लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। समाधान तो मोटर की मरम्मत है, जिस पर ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर से सवाल किया कि ऐसे ठेकेदारों को टेंडर क्यों दिया जाता है जो काम करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे ठेकेदारों का टेंडर तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरा नगर निगम अमला अपने पीछे लगा रखा है। इसी कारण आम लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द हल नहीं निकला तो वे भी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में रजनीश शर्मा, दीपक कुमार, अमित अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल रहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *