वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:सिवनी के छपारा खुर्द के पास हादसा; चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार बृजेश तिलगांम (23) की मौत हो गई। छपारा खुर्द के पास बुधवार रात के समय अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बृजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। छपारा पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बृजेश तिलगांम (पिता जलसू तिलगांम) छपारा से जामुनपानी गांव जा रहे थे। जब वे छपारा खुर्द गांव के पास पहुंचे, तभी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। घायल बृजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों से हुई, जिसमें उनके छोटे भाई दुर्गेश तिलगांम का मोबाइल नंबर लिखा था। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। जेसीबी मशीन ऑपरेटर का काम करते थे मृतक बृजेश तिलगांम अविवाहित थे और पेशे से जेसीबी मशीन ऑपरेटर का काम करते थे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जो उनकी मौत का कारण बनी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ। पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। पुलिस लगातार लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील कर रही है, लेकिन लापरवाही के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *