वाहन की टक्कर से लेपर्ड की मौत:गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, पोस्टमार्टम बाद होगा अंतिम संस्कार

उदयपुर के गोगुंदा में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक लेपर्ड की मौत हो गई। हादसा गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर कीर्ति राज पैलेस होटल के पास रात करीब 10 बजे हुआ। हादसे के बाद आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर गोगुंदा थाना पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से लेपर्ड के शरीर में गहरी चोट लगी है जिससे उसकी मौत हो गई। क्षेत्रीय वन अधिकारी जयवर्धन सिंह राठौड़ और फोरेस्टर पुष्पेन्द्र सिंह ने लेपर्ड के शव को कब्जे में लेकर उदयपुर शहर स्थित पशु चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रेफिक जाम की स्थिति बन गई। गोगुंदा थाने से पहुंचे एएसआई विनेश कुमार और हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला ने ​ट्रेफिक व्यवस्था बहाल कराई। गोगुंदा नर्सरी में होगा अंतिम संस्कार
क्षेत्रीय वन अधिकारी जयवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि आज पशु चिकित्सालय में डॉक्टरों की टीम द्वारा लेपर्ड के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। जिसके बाद शव को वापस गोगुंदा नर्सरी में ले जाया जाएगा। जहां नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार होगा। बता दें, गोगुंदा और इसके आसपास फोरेस्ट एरिया है। इसकी सीमा कुंभलगढ़ अभयारण्य से लगती है। ऐसे में यहां लेपर्ड की खासी अच्छी आबादी है। पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *