भास्कर न्यूज | चिरमिरी पोड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार रात वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यापारी के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज के मामले में एसपी ने संबंधित थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है। एसपी रत्ना सिंह ने तत्काल आदेश जारी कर पोड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल गायकवाड़ को जिला रक्षित केंद्र भेज दिया है। वाहन चेकिंग के दौरान चिरमिरी के प्रभात केसरवानी के साथ थाना प्रभारी द्वारा दुर्व्यवहार करने का आरोप है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। एसपी रत्ना सिंह ने सीएसपी दीपिका मिंज को जांच अधिकारी नियुक्त किया है और तीन दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय आदेश के तहत साइबर सेल प्रभारी विवेक पाटले को पोड़ी थाने का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। चिरमिरी थाने के सहायक उप निरीक्षक पूरनचंद्र राजवाड़े को पोड़ी थाने में पदस्थ किया है। घटना के विरोध में रविवार को व्यापारी, भाजपा व कांग्रेस के पदाधिकारी चिरमिरी थाना पहुंचे और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।


