भास्कर न्यूज | सूरजपुर सूरजपुर जिले के लटोरी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 8 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी गई है। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी जानकारी के अनुसार, लटोरी मुख्य मार्ग पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जांच चल रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही टाटा सफारी सीजी 15 ईजी 4455 के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसमें तीन आरोपी जीवधन पैंकरा (28), सुरेन्द्र कुमार लास्कर (20) और ललित यादव (21) पकड़े गए। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई तलाशी के दौरान वाहन से 8 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे सहित परिवहन में प्रयुक्त टाटा सफारी को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


