भास्कर न्यूज | बठिंडा जिला पुलिस ने वाहन चोर गैंग के चार लोगों को पकड़ा है। आरोपियों से चोरी की एक मारूति कार और दो बाइक बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज करने के बाद अदालत में पेश करके उनका पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। थाना कोतवाली के हवलदार कुलविंदर सिंह के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुभाष सिंह व मनप्रीत सिंह निवासी मलण जिला श्री मुक्तसर साहिब ने मिलकर बठिंडा के बस स्टैंड के पास से एक बिना नंबर प्लेट वाली मारूति कार चोरी की है। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई कार बरामद कर ली और उनके खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि रिमांड के दौरान इनके पास से चोरी के और वाहन बरामद होने की संभावना है। थाना रामा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एएसआई प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मंगू सिंह व कृष्ण सिंह निवासी रामा मंडी बाइक चोरी करने के आदि है। दोनों ने मिलकर शहर से बाइक चोरी करते हैं और उन्हें आगे बेच देते हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी दो बाइक बरामद किए। दोनों का पुलिस रिमांड मिल गया है।


