वाहन वापस मांगने पर दी धमकी, 1.20 लाख रु. का चेक भी बाउंस

बैतूल | थाना गंज क्षेत्र में वाहन और जानवरों की खरीद- फरोख्त में एक ही व्यक्ति द्वारा लगातार धोखाधड़ी किए जाने के 4 मामले सामने आए हैं। पीड़ितों ने थाना गंज में अय्यूब खान के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई। अनावेदक ने वाहनों और पशुओं के सौदों में धोखाधड़ी करने के साथ ही गाली- गलौज और जान से मारने की धमकियां दीं। पहले मामले में गांधी वार्ड कोठी बाजार निवासी इलियास ने शिकायत में बताया अय्यूब ने जान- पहचान का हवाला देकर उनका लोडिंग फोर व्हीलर वाहन करीब 2 माह पहले ले लिया। इसी तरह उनके मित्र का टवेरा वाहन भी करीब 8 माह पहले ले गया। वाहन वापस मांगने पर अनावेदक द्वारा धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार की सुरक्षा और आजीविका पर संकट खड़ा हो गया। दूसरे मामले में खेड़ला किला निवासी शिवा उइके ने बताया उन्होंने अपनी बोलेरो 2 लाख 30 हजार रुपए में बेची थी। इसमें 1 लाख 10 हजार रुपए नकद मिले, जबकि 1 लाख 20 हजार रुपए का चेक बाउंस हो गया। बाद में 50 हजार रुपए दिए, लेकिन अब भी 70 हजार रुपए बकाया हैं। वहीं तीसरे मामले में मेंढापानी निवासी सुनील धुर्वे ने आरोप लगाया कि उनकी बोलेरो किस्त भरने और चलाने के बहाने ले जाकर आरोपी द्वारा वापस नहीं की गई। वहीं चौथे मामले में राजेन्द्र वार्ड निवासी युवराज तुमाने ने 30 हजार रुपए में बकरा- बकरी खरीद का सौदा कर रकम देने के बावजूद जानवर नहीं मिलने की शिकायत की। पीड़ितों का कहना है कि अनावेदक द्वारा अब तक करीब चार वाहन ठग कर बेचे जा चुके हैं। सभी ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *