विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन गारंटी योजना को लेकर हुई बैठक

भास्कर न्यूज| रायगड़ा रायगड़ा जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष में विकसित भारत-रोज़गार एवं आजीविका मिशन गारंटी योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी एवं कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद रायगड़ा अक्षय कुमार खेमुंडू ने की। मुख्य विकास अधिकारी ने योजना की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह योजना विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना, आजीविका से जुड़ी आधारभूत संरचना तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों पर विशेष बल दिया जाएगा। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सशक्तिकरण, अभिसरण (समन्वय), पारदर्शिता, जवाबदेही तथा विकास की परिपूर्णता सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पात्र हितधारकों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार प्रदान करने की गारंटी दी गई है। योजना की वित्तीय व्यवस्था में प्रमुख दायित्व केंद्र सरकार का होगा। कुल व्यय का वहन केंद्र और राज्य सरकार द्वारा 60-40 के अनुपात में किया जाएगा। मानक आधारित वित्तीय आवंटन की व्यवस्था के साथ प्राकृतिक आपदा अथवा असाधारण परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए विशेष प्रावधान भी किए गए हैं। बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण विकास को नई गति मिल सके। बैठक में जिले की सभी 11 पंचायत समितियों के समूह विकास अधिकारी, वन विभाग, एकीकृत आदिवासी विकास एजेंसी, जल विभाजिका मिशन, कृषि विभाग, काडा विभाग, डीकेडीए तथा एलएसडीए के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *