केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद ने जयपुर के विक्रम शर्मा को भारत का शैक्षणिक निदेशक नियुक्त किया है। परिषद के सचिव अविनाश सिंह ने केंद्रीय चेयरमैन राहुल द्विवेदी की उपस्थिति में यह नियुक्ति की। शर्मा अब देशभर के शिक्षण संस्थानों के साथ एक केंद्रीकृत कार्यक्रम शुरू करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उन्हें ग्रीन जॉब्स और ग्रीन स्टार्टअप्स से जोड़ना है। बोर्ड की जिम्मेदारियों में उद्योगों को कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद करना भी शामिल है। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें सरकारी नीतियों की जानकारी दी जाएगी और स्थायी समाधान खोजने में सहयोग किया जाएगा। विक्रम शर्मा ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य कार्बन फुटप्रिंट को कम करना है। यह 2070 तक भारत को नेट जीरो कार्बन देश बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेगा।


