श्रीगंगानगर जिले के विजयनगर में शुक्रवार सुबह उपखंड अधिकारी शकुंतला चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लॉक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व और पंचायत समिति सहित कुल 16 विभागों के कार्यालयों की जांच की। इस दौरान कई कार्यालय तय समय पर बंद मिले और कुल 59 कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण में सामने आया कि कई कार्यालयों की उपस्थिति पंजिकाओं में कर्मचारियों के नाम या तो दर्ज ही नहीं थे, या हस्ताक्षर नहीं किए गए थे। जांच के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ऑफिस में 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके बाद पंचायत समिति विजयनगर में 6, नगर पालिका और तहसील कार्यालय में 5- 5 और जल संसाधन विभाग की प्रथम व द्वितीय शाखाओं में कुल 18 कर्मचारी गैरहाजिर थे। इसके अलावा मनरेगा, कृषि मंडी समिति, लोक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग और अन्य शाखाओं में भी अनुपस्थित कर्मचारियों की संख्या सामने आई। इनकी रही अनुपस्थिति
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 11 कर्मचारी, पंचायत समिति से 6 कर्मचारी, नगर पालिका और तहसील कार्यालय से 5-5 कर्मचारी, अन्य विभागों जैसे कृषि मंडी समिति, जल संसाधन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, मनरेगा आदि से भी कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सख्ती के निर्देश, नोटिस जारी
उपखंड अधिकारी ने बताया कि गंभीर लापरवाही को देखते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो राजस्थान सिविल सेवा (विनियमन) नियम 1958 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी शकुंतला चौधरी ने कहा कि कार्यालयों में जब कार्यालयाध्यक्ष स्वयं ही समय पर उपस्थित नहीं रहते, तो अधीनस्थों की उपस्थिति पर भी असर पड़ता है। इससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और सरकारी सेवाएं बाधित होती हैं। यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है।


