भास्कर न्यूज | पाटन पाटन प्रखंड के ग्राम पंचायत पाल्हेकला में सोमवार को अग्रगति इंडिया संस्था द्वारा वित्तीय साक्षरता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और वित्तीय जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कैंप में जेआरजीबी के ब्रांच मैनेजर विकास कुमार, परामर्शदाता कमलेश कुमार मिश्रा, अग्रगति संस्था के कोऑर्डिनेटर सतीश कुमार दुबे और ट्रेनर खुशबू कुमारी ने वित्तीय साक्षरता, बजट प्रबंधन, बैंकिंग प्रणाली, बीमा योजनाएं और डिजिटल लेनदेन की विस्तृत जानकारी दी। ब्रांच मैनेजर विकास कुमार ने कहा, आज के समय में वित्तीय साक्षरता केवल सुविधा नहीं बल्कि आवश्यकता है। अगर हर व्यक्ति बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन की मूलभूत जानकारी रखेगा तो वह न केवल अपने पैसों को सुरक्षित रख पाएगा बल्कि भविष्य के लिए एक मजबूत आर्थिक आधार भी तैयार कर सकेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और मोबाइल वॉलेट के सुरक्षित उपयोग के साथ साइबर धोखाधड़ी से बचाव पर विशेष चर्चा की। साथ ही, यह भी बताया गया कि अनजाने में किसी को बैंक खाते का उपयोग करने देना साइबर अपराध में फंसने का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में खाता ब्लॉक हो सकता है और आर्थिक हानि उठानी पड़ सकती है। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने बैंक खाते का प्रयोग किसी और को न करने दें। सुरक्षा संबंधी शिकायतों के लिए आरबीआई के हेल्प नंबर 1930 और 14448 की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों ने संस्था के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।


