विदिशा नगर पालिका ने शहर में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की। बेतवा पुल से रामलीला मैदान होते हुए बजरिया तक चली इस कार्रवाई में 13 दुकानदारों से कुल 8 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया, जबकि 8 दुकानों का सामान जब्त किया गया। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यह कार्रवाई की गई। नगर पालिका के सीएमओ ने एक विशेष अतिक्रमण विरोधी दस्ता गठित किया है, जिसका नेतृत्व उपयांत्रिकी संजय श्रीवास्तव कर रहे हैं। 18 दुकानों का सामान जब्त किया था
इससे पहले की कार्रवाई में 18 दुकानों का सामान जब्त किया गया था। दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण करने से आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार तो जाम की स्थिति भी बन जाती थी। नगर पालिका की चेतावनी के बावजूद दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण यह सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। हाथ जोड़कर गुहार लगाते दिखे दुकानदार
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया और वे जल्दी-जल्दी अपना सामान समेटते नजर आए। कुछ दुकानदार तो नगर पालिका के अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर गुहार लगाते दिखे। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। दुकानों के आगे बने पक्के अतिक्रमण को तोड़े
उप यांत्रिकी संजय श्रीवास्तव ने बताया अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जाएगी उन्होंने दुकानदारों को समझाइश दी है कि सड़कों पर सामान ना रखें, दुकान की सीमा में सामान को रखें ताकि लोगो को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। कार्रवाई के दौरान दुकानों के आगे बने पक्के अतिक्रमण को तोड़ा गया। कार्रवाई दोपहर में दो बजे से शुरू की जो देर शाम 6:00 बजे तक चलती रही।


