विदिशा में ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन:70 केंद्रों पर 33 हजार विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे, बच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास करना लक्ष्य

विदिशा जिले के सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मंगलवार को ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 33 हजार से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। यह परीक्षा जन शिक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई है। जिले में कुल 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। यह परीक्षा सरकारी स्कूलों के बच्चों में नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धा की भावना, अभिव्यक्ति का विकास और विषयों के प्रति रुचि पैदा करने के लिए आयोजित की गई है। इसमें दूसरी कक्षा से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चे शामिल हुए। इस परीक्षा से बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये अनुभव मिलेगा। कक्षा 2 और 3 के बच्चों से अंग्रेजी, हिन्दी और गणित से सवाल पूछे गए। वहीं कक्षा 4 और 5 के लिये अंग्रेजी, हिन्दी, गणित, पर्यावरण अध्ययन और कक्षा 6 से 8 के लिये हिन्दी, संस्कृत, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान से सवाल पूछे गए । सीएम राइज स्कूल में 393 बच्चों ने दी परीक्षा विदिशा के सीएम राइज स्कूल में भी ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया, जहां जन शिक्षा केन्द्र बरईपुरा के अधीन आने वाले सरकारी स्कूलों के बच्चे परीक्षा देने पहुंचे। सीएम राइज स्कूल के 70 कमरों में 30 शिक्षकों की निगरानी में परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। साक्षरता समन्वयक सुनील सेन ने बताया कि जन शिक्षक केंद्र बरईपुरा के अंतर्गत आने वाले 24 स्कूलों से चुने गए 393 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं। प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए 2 घंटे और मिडिल स्कूल के बच्चों के लिए तीन घंटे की परीक्षा रहेगी। एपीसी दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा में कक्षा 2 और 3 के 9610 विद्यार्थी , कक्षा 4 और 5 के 9885 विद्यार्थी और कक्षा 6 से लेकर 8 तक के 13904 विद्यार्थी शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *