विदिशा के शमशाबाद तहसील के ग्राम गोलना निवासी किसान कृपाल सिंह यादव ने मंगलवार को सतपाड़ा हाट सोसाइटी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके नाम पर जारी ई-टोकन से आवंटित 19 बोरी यूरिया किसी और को दे दी गई। किसान कृपाल सिंह के अनुसार, उन्हें ई-टोकन पर 15 बोरी डीएपी और 19 बोरी यूरिया मिलनी थी। सोसाइटी ने उन्हें केवल 10 बोरी डीएपी दी और यूरिया देने से यह कहकर मना कर दिया कि बोरियां निरस्त कर दी गई हैं। कुछ दिनों बाद जब उन्हें दोबारा खाद की आवश्यकता हुई और वे नया टोकन बनवाने गए, तो ऑनलाइन सिस्टम में पता चला कि उनके नाम पर आवंटित यूरिया किसी अन्य व्यक्ति को दे दी गई है। कृपाल सिंह यादव का आरोप है कि सतपाड़ा सोसाइटी के कर्मचारी मिलीभगत कर किसानों के हिस्से की खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की धोखाधड़ी कई अन्य ग्रामीणों के साथ भी हो रही है। किसान ने कलेक्टर से इस पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इससे किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी और उनकी फसलें प्रभावित नहीं होंगी।


