विदिशा जिलेभर में पशुपालन विभाग के अंतर्गत कार्यरत गौ सेवक मैत्री संघ के कर्मचारियों ने नियमित वेतन और स्थायी मानदेय की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने पशुपालन विभाग के माध्यम से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने की अपील की। गौ सेवक मैत्री संघ के सदस्यों का कहना है कि वे वर्षों से विभागीय कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बहुत कम और अनियमित मानदेय मिल रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि जिले में 300 से अधिक गौ सेवक और मैत्री कार्यरत हैं। ये कर्मचारी कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, वैक्सीनेशन और आपात स्थिति में किसानों की मदद जैसे महत्वपूर्ण कार्य चौबीसों घंटे करते हैं। संघ के सदस्य पूरन सिंह ने जानकारी दी कि वे पिछले 22 वर्षों से लगातार सेवा दे रहे हैं। इसके बदले में उन्हें प्रति कार्य मात्र 2 से 5 रुपए का भुगतान होता है, वह भी समय पर नहीं मिलता। उन्होंने शासन के नियमानुसार न्यूनतम 18 हजार रुपए मासिक वेतन दिए जाने की मांग की। बृजेंद्र अहिरवार ने बताया कि प्रदेशभर में लगभग 22 हजार गौ सेवक कार्यरत हैं। उनकी प्रमुख मांगों में नियमित मानदेय के साथ बीमा सुविधा भी शामिल है।


