विदिशा जिले के पठारी में नौवीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों का बीच बाजार जुलूस भी निकाला, ताकि समाज में ऐसे कृत्यों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया जा सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश साहू (40) और वीरू उर्फ भीम रैकवार (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजेश साहू नशे का आदी है। पठारी के पास के एक गांव की रहने वाली यह छात्रा सरकारी स्कूल में पढ़ती है। वह लंबे समय से इन दोनों युवकों की हरकतों से परेशान थी। आरोपी उसका पीछा करते थे, सीटी बजाते थे और अश्लील टिप्पणियां करते थे, जो उसकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था। गुरुवार सुबह जब छात्रा स्कूल जा रही थी, तब दोनों आरोपियों ने एक बार फिर उसके साथ छेड़छाड़ की। इस घटना से घबराई छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों की शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी गौरव वाजपेई ने तत्काल एक टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें बाजार में घुमाकर लोगों को जागरूक किया। छात्रा ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के कारण उसे शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत मिली। पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत करने का साहस देने का संदेश दिया है, ताकि अपराधी बेखौफ न हो सकें।


