विदिशा के खरीफाटक रोड पर स्थित अरिहंत ज्वेलर्स में आधी रात के बाद हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महज 7 मिनट में लाखों रुपये का माल समेट लिया और फरार हो गए। घटना के समय दुकान के बाहर एक गार्ड तैनात था। 8 से 10 बदमाश रेलवे लाइन की ओर से गली के रास्ते आए। उन्होंने सबसे पहले गुलेल से पत्थर मारकर गार्ड पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे डरकर गार्ड मौके से भाग गया। शटर तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश गार्ड के हटते ही बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर घुस गए। दुकानदार के अनुसार, बदमाश दुकान से करीब 10 किलो चांदी, लगभग 10 ग्राम पुराना सोना और 35 हजार रुपये नकद लेकर भाग गए। सभी बदमाश हथियारों से लैस थे और पूरी वारदात पहले से योजना बनाकर की गई। चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। घायल गार्ड से पूछताछ की गई है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। व्यापारियों में नाराजगी, गश्त बढ़ाने की मांग व्यस्त खरीफाटक मेन रोड पर हुई इस चोरी से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर रात में नियमित पुलिस गश्त होती, तो बदमाश इतनी आसानी से चोरी नहीं कर पाते। व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही बदमाशों को पकड़कर चोरी का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।


