विदिशा में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने देर रात शहर का दौरा किया। उन्होंने कोतवाली और सिविल लाइन थानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। एसपी काशवानी सबसे पहले थाना कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, रिकॉर्ड और लंबित प्रकरणों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह भी मौजूद रहे। इसके बाद एसपी सिविल लाइन थाना पहुंचे और रोल कॉल लिया। उन्होंने शिकायत निवारण प्रक्रिया, दैनिक ड्यूटी व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और कर्मचारियों की अनुशासन व्यवस्था की जांच की। थाना प्रभारी आर.के. मिश्र भी मौके पर थे। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी निरीक्षण के दौरान एसपी काशवानी ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग तेज करने और आम जनता से संवाद मजबूत करने के निर्देश दिए।


