विदिशा में शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में:25 सीसीटीवी खंगाले, 1.5 लाख के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग बरामद

विदिशा कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बाजार से चोरी हुए एक बैग के मामले का खुलासा करते हुए लगभग 1.5 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े बरामद किए हैं। दरअसल, पिपलिया सलामतपुर निवासी सावित्री अहिरवार इलाज के लिए विदिशा आई थीं। अस्पताल के सामने सड़क किनारे खड़ी उनकी गाड़ी पर रखा बैग चोरी हो गया था। बैग में सोने-चांदी के गहने और कपड़े रखे थे। जब सावित्री अहिरवार ने देखा कि बैग गायब है, तो उन्होंने आसपास तलाश की। कहीं न मिलने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के इलाकों के 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान विदिशा की भगत सिंह कॉलोनी, पीलिया नाला निवासी 39 वर्षीय विशाल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की नथ, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक चांदी की करधोनी और चांदी की बिछुड़ियां बरामद की हैं। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *