विदिशा में सांसद खेल महोत्सव का समापन:शिवराज ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया, खुद बल्ला थामकर शॉट लगाया

विदिशा विधानसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का समापन रविवार को हुआ। एसएसएल जैन कॉलेज परिसर में आयोजित इस समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्राफियां और पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वयं बल्ला थामकर दो गेंदें खेलीं, जिसमें उन्होंने एक शॉट भी लगाया। इस अवसर पर विदिशा विधायक मुकेश टंडन, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। खेल महोत्सव के दौरान क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और रस्साकशी सहित कई खेलों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें बेटों के साथ-साथ बेटियों और महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। पत्रकार से मारपीट को निंदनीय बताया
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और प्रतिभाओं की पहचान करने का अवसर देते हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि वे अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना जैसे जीवन मूल्यों को भी सिखाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका अंतिम समापन कार्यक्रम रायसेन में होगा। एक पत्रकार से मारपीट के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने इस घटना को गलत और निंदनीय बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। विकसित भारत-जी राम जी योजना’ का किया उल्लेख
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर केंद्र सरकार की नई ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक विधेयक के तहत मनरेगा को और मजबूत किया गया है। अब 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार देने का प्रावधान किया गया है। योजना के लिए 1 लाख 51 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत गांव के लोग स्वयं तय करेंगे कि उनके गांव में कौन से विकास कार्य कराए जाएं जैसे जल संरक्षण, सड़क-पुलिया, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी भवन, आजीविका गतिविधियां और आपदा प्रबंधन से जुड़े निर्माण कार्य। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस योजना को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि यह ग्रामीण विकास के लिए एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि जहां उनकी सरकारें हैं, वहां इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *