विदिशा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹3000 के इनामी ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग ₹1.50 लाख कीमत की अपाचे बाइक भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन में की गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्राउन शुगर तस्करी का फरार आरोपी जितेंद्र उर्फ जित्तू कुचबंदिया शेरपुरा इलाके में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शेरपुरा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अपाचे बाइक (MP 40 ZA 4124) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,50,000 है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी इस मामले में लंबे समय से फरार था और उस पर ₹3000 का इनाम घोषित था। आरोपी पर 23 केस दर्ज हैं
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में पहले से कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में मारपीट, जानलेवा हमला, आबकारी अधिनियम, राज्य सुरक्षा अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


