राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विदिशा में गुरुवार को एक वाहन रैली निकाली गई। यह रैली 4 जनवरी को बंगला घाट पर होने वाले हिंदू सम्मेलन की तैयारी के तहत आयोजित की गई थी। यह वाहन रैली पेढ़ी चौराहे से शुरू होकर खाई रोड, रायपुरा स्कूल, विवेकानंद चौराहा, नाना का बाघ और देवी के बाघ होते हुए वापस पेढ़ी चौराहे पर समाप्त हुई। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया। रैली के दौरान सामाजिक समरसता और एकता का संदेश प्रमुख रहा। लोगों ने ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हैं भाई-भाई’ जैसे नारे लगाए, जिसके माध्यम से समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने बताया कि 4 जनवरी को बंगला घाट पर आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन में सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक चेतना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।


