विदिशा रेलवे स्टेशन पर एक पुलिस आरक्षक और उसके रिश्तेदार द्वारा दो छात्रों की पिटाई का वीडियो सामने आया है। यह घटना प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर हुई, जहां सार्वजनिक स्थान पर कानून के रखवाले ही कानून तोड़ते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक छात्रों को लगातार थप्पड़ मार रहा है। मारपीट इतनी देर तक चली कि आरोपी का हाथ दर्द करने लगा, जिसके बाद उसने थप्पड़ मारना बंद किया। घटना के समय आरक्षक वर्दी में नहीं था। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे। पूरी घटना का वीडियो प्लेटफॉर्म नंबर 4 की ओर बने फुटओवर ब्रिज से किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। धक्का देने को लेकर कहासुनी हो गई थी
सूत्रों के अनुसार, कोतवाली थाने में पदस्थ आरक्षक प्रयागराज गुर्जर अपने एक रिश्तेदार के साथ मेमो ट्रेन से विदिशा आ रहे थे। ट्रेन से उतरते समय बासौदा से विदिशा के एसएटीआई कॉलेज में एमएससी एप्लाइड केमिस्ट्री की पढ़ाई करने वाले दो छात्रों रानू राजपूत और आशीष सूर्यवंशी से धक्का लगने को लेकर कहासुनी हो गई। यह मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि स्टेशन पर उतरने के बाद फिर से बहस हुई, जिसके बाद आरक्षक ने आपा खो दिया और दोनों छात्रों को सार्वजनिक रूप से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।


