सीआईडी-सीबी क्राइम ब्रांच रेंज सेल जोधपुर की टीम ने बालोतरा जिले की सिणधरी थाना इलाके में मेगा हाईवे पर होटल के पीछे बाड़े में कार्रवाई की है। वहां से 76 टन कोयला व डस्ट सहित बिना नंबरी ट्रैक्टर लोडर, एक हिटाची मशीन और 5 सीलें जब्त की है। वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुजरात पोर्ट से विदेशी कोयला लेकर निकले ट्रक ड्राइवरों से मिली भगत कर आरोपी महंगे कोयले की चोरी करते। उसमें चोरी किए कोयले की मात्रा में डस्ट व कन्क्रीट मिलाकर ट्रक में दुबारा सील लगाकर आगे भेज देते है। सीआईडी सीबी रेंज जोधपुर के एएसपी सुभाष चन्द्र को सूचना मिली थी कि गांधीधाम, कांडला, मून्दड़ा पोर्ट से राजस्थान, हरियाणा, पंजाब अच्छी क्वालिटी का कोयले लेकर निकले ट्रक चालकों से मिलीभगत कर सिणधरी-बालोतरा हाईवे पर बने बाड़े में कोयला चोरी कर उसमें खराब कोयला मिलावट किया जाता है। इस सूचना पर एएसपी सुभाष चन्द्र के सुपरविजन में रेंज सैल जोधपुर के हैड कॉन्स्टेबल सुमेर सिंह व कॉन्स्टेबल सुरेन्द्र सिंह को सूचना विकसित करने के लिए सिणधरी-बालोतरा हाईवे रोड़ पर भेजा गया। शुक्रवार को सूचना की पुष्टि होने के बाद टीम ने स्थानीय सिणधरी थाना पुलिस के सहयोग से नाकोड़ा मेगा हाईवे पर भूका भगत सिंह गांव के पास संसार होटल के पीछे बने बाड़े में दबिश दी गई। ASP सुभाषचंद्र ने बताया कि पुलिस को देख कर होटल का संचालक मोहन लाल झाड़ियों में होकर भागने लगा, जिस टीम ने घेर कर डिटेन कर लिया। पूछताछ में आरोपी मोहनलाल ने बताया कि उसने अपना यह बाड़ा गुलाम नवी संधू नामक व्यक्ति को किराए पर दे रखा है जो यहां चोरी का कोयला खरीद कर मिक्स कर आगे सप्लाई करता है। मौके से कोयला और डस्ट सहित मशीनें की जब्त टीम ने मौके से 37600 किलो कोयला एवं 37960 किलो डस्ट, एक बिना नंबरी लोडर ट्रैक्टर व एक बिना नंबरी हिटाची मशीन व बाड़े में बने कमरे से ट्रकों पर लगाने वाली 5 सीलें भी मिली। वाहनों के बारे में आरोपी ने बताया कि असली कोयले से भरे ट्रक से कोयला उतारने व मिक्स्ड कर दोबारा लोड करने के काम में लिया जाता है। मामले में अग्रिम अनुसंधान सिवाना पुलिस की ओर से किया जा रहा है। सीआईडी सीबी रेंज सेल जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल सुमेर सिंह व कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही।


