भास्कर संवाददाता | खरगोन पीजी कॉलेज के प्राणी शास्त्र विभाग में गत दिनों विभिन्न प्रतिस्पर्धा परीक्षाओं और नेट-सेट की तैयारी विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. जीएस चौहान के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी और तैयारी के प्रभावी तरीकों से अवगत कराया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या बटवे ने नेट व सेट परीक्षाएं आयोजित करने वाली विभिन्न संस्थाओं, उनके पाठ्यक्रम और परीक्षा ढांचे के बारे में बताया। डॉ. जीआर मसार ने परीक्षाओं में पूछे जाने वाले प्रश्नों की प्रकृति, समाधान पद्धति और समय-प्रबंधन की जरूरत पर बल दिया। कार्यशाला में डॉ. केएस बघेल ने साक्षात्कार की तैयारी के विशेष बिंदुओं, संभावित प्रश्नों और व्यवहारिक चुनौतियों का समाधान बताते हुए विद्यार्थियों को जरूरी टिप्स दिए। वहीं वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. सीएल निंगवाल ने लाइफ साइंस विषय के कॉमन भाग की तैयारी पर स्पष्ट रणनीति प्रस्तुत की और अध्ययन के प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया। कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की दिशा में उपयोगी और प्रेरक माना गया। इस दौरान 50 से अधिक विद्यार्थी और स्टॉफ सदस्य मौजूद थे।


