विद्यार्थियों ने ज्ञान और विवेक की कामना की

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर राजवाड़े इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्या, बुद्धि और ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। यह आयोजन विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए विशेष महत्व का रहा, क्योंकि मां सरस्वती को शिक्षा, संस्कार और विवेक की प्रतीक माना जाता है। पूजा के अवसर पर पूरे संस्थान का वातावरण भक्तिमय व सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापना से की गई। विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चारण, सरस्वती वंदना व आरती कर मां की पूजा-अर्चना की। मां को श्वेत वस्त्र, पुष्प, अक्षत, दीपक व प्रसाद अर्पित कर ज्ञान, विवेक और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भक्ति संगीत व वंदना से परिसर गूंज उठा। इस दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधान पहनकर पूजा की शोभा बढ़ाई। पूजा स्थल को फूलों व सजावटी सामग्रियों से आकर्षक रूप से सजाया, जिससे माहौल और भी पावन बन गया। सरस्वती पूजा के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी गई। नर्सिंग जैसे सेवा-प्रधान क्षेत्र में ज्ञान के साथ करुणा और समर्पण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *