विद्यार्थियों ने दिया जल संरक्षण का संदेश, चित्रों और स्लोगनों से दिखाई जागरुकता

सिटी रिपोर्टर | बोकारो चास नगर निगम के अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर भारत सरकार के जल शक्ति अभियान कैच द रेन-2026 के तहत गुरुवार को चास के जोधाडीह मोड़ स्थित रामरुद्र +2 उच्च विद्यालय में जागरुकता सह प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्विज, स्लोगन लेखन, भाषण तथा ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय वर्षा जल संचयन-जहां गिरे, जब गिरे, वहीं सहेजें रखा गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के करीब 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से वर्षा जल संचयन, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, भूजल स्तर में सुधार तथा जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के प्रभावी मॉडल चार्ट पेपर पर उकेरे। स्लोगन और भाषण प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने जल संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि पानी की प्रत्येक बूंद भविष्य के लिए अमूल्य है। कैच द रेन केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला जनआंदोलन है। इसकी शुरुआत प्रत्येक घर और विद्यालय से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियां इस बात का प्रमाण हैं कि नई पीढ़ी जल संरक्षण के प्रति गंभीर और संवेदनशील है। प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यार्थियों को अपने घरों और आसपास के लोगों को वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में चास नगर निगम के नगर प्रबंधक, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर स्पेशलिस्ट, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *