भास्कर न्यूज | दामापुर समीपस्थ ग्राम कंझेटा के हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। बच्चों को तिलक लगाकर स्कूल में प्रवेश दिया। मौके पर निशुल्क पुस्तक व स्कूल ड्रेस वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के अतिथि महेंद्र धृतलहरे, माखन चंद्रवंशी, मोहन चंद्रवंशी, भुलाऊं चंद्रवंशी, रमेश चंद्रवंशी, भागीरथी सोनवानी, प्राचार्य संजय वैष्णव समेत स्कूली बच्चे मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेंद्र धृतलहरे ने कहा कि प्रवेश उत्सव मतलब यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर बच्चा स्कूल जाए। यह संकल्प शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से हम एक शिक्षित और आत्मनिर्भर राज्य की निर्माण कर सकते है। प्रवेश कार्यक्रम से बच्चों में स्कूल आने की प्रेरणा मिलती है। इस तरह के अन्य कार्यक्रम स्कूल में होते रहना चाहिए। सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उस लक्ष्य को पाने के लिए कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। इससे सफलता मिलना तय है। आप अपने पालकों और अपने सपनों को पूरा करने के लिए खूब मेहनत करें। अच्छे मुकाम पर पहुंचकर क्षेत्र का नाम रौशन करें। शिक्षा ही सारी समस्या का समाधान: माखन चंद्रवंशी कार्यक्रम में माखन चंद्रवंशी ने कहा कि प्रदेश में 16 जून से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ हो चुका है। इस दौरान पूरे प्रदेश में जनप्रतिनिधियों के उपस्थिति में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जा रहा है। शिक्षा को जन अभियान बनाने की दिशा में राज्य सरकार की नई पहल है। इसका उद्देश्य स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता को सुधारना है। पहली बार स्कूल जाने वाले बच्चों के मन में उत्साह का संचार करने के लिए प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। यह उत्साह पूरे सत्र बना रहे, इसके लिए शिक्षकों व विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत व लगन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए।


