विधानसभा:दो साल में सरकार को घेरने भाजपा विधायक भी आगे, 8 हजार में 3150 सवाल इनके ही

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बीते दो वर्षों के सवाल-जवाब का विश्लेषण कई चौंकाने वाले तथ्य सामने लाता है। आमतौर पर सरकार को घेरने की भूमिका विपक्ष की मानी जाती है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक भी सवाल पूछने में पीछे नहीं रहे। फरवरी–मार्च 2024 से लेकर नवंबर–दिसंबर 2025 के बीच कुल 8356 प्रश्न पूछे गए, जिनमें से 3150 प्रश्न भाजपा विधायकों द्वारा पूछे गए। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल ने दो साल में सिर्फ 48 सवाल पूछे। विधानसभा में सवाल पूछना जनप्रतिनिधियों का सबसे प्रभावी हथियार माना जाता है। इसके जरिए न सिर्फ सरकार की योजनाओं, फैसलों और कामकाज की समीक्षा होती है, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दे भी सदन में मजबूती से उठते हैं। बीते दो वर्षों में यह साफ दिखा कि भाजपा के कई विधायक लगातार और योजनाबद्ध तरीके से विभागों से जवाब मांगते रहे। फरवरी-मार्च 2024 से लेकर नवंबर-दिसंबर 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा विधायकों में सबसे ज्यादा सवाल पूछने वालों की सूची में चार विधायक संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे। अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह, धर्मलाल कौशिक और भावना बोहरा ने प्रत्येक ने 208-208 सवाल पूछा। इसके बाद राजेश मूणत, सुशांत शुक्ला, संपत अग्रवाल ने और अनुज शर्मा ने भी कई सवाल किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव और मोतीलाल साहू ने भी सौ से अधिक प्रश्न पूछे। वहीं विपक्षी कांग्रेस विधायकों की बात करें तो सवाल पूछने में कई चेहरे बेहद मुखर नजर आए। कांग्रेस के भोला राम साहू ने 208 सवाल पूछकर विपक्ष में रहते हुए भी शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके बाद दलेश्वर साहू, अंबिका मरकाम, बालेश्वर साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे चरणदास महंत ने 200 व इससे अधिक अधिक सवाल पूछा। सवाल पूछने में इनकी भागीदारी कम रही
भाजपा विधायक रेणुका सिंह सरूता, उद्धेश्वरी पैकरा और भूलन सिंह मराबी ने दो साल में कुल 9 प्रश्न पूछे। भाजपा के ही भईया लाल राजवाड़े ने 13, प्रेमचंद्र पटेल और शकुंतला सिंह पोर्ते ने 38 सवाल किए। विपक्षी दलों में गोंडवाना गणतंत्र पाटी की तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम 63 सवाल पूछे। इसी तरह कांग्रेस भूपेश बघेल ने 48, फूल सिंह राठिया 58, जनक ध्रुव 63, विद्यावती सिदार ने 65 सवाल किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *