विधानसभा में आज (बुधवार) भी कई मुद्दों पर टकराव और हंगामे के आसार हैं। राहुल गांधी पर टिप्पणियों और खेजड़ी कटाई के मुद्दे पर विपक्षी कांग्रेस विधायक सदन में सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे। आज प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस जारी रहेगी। मंगलवार (कल) को सदन की कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का समय एक दिन और बढ़ा दिया गया था। पहले आज बहस पर सीएम भजनलाल शर्मा का जवाब आना था, लेकिन अब 5 फरवरी को सीएम का जवाब आएगा। कांग्रेस ला सकती है विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव
दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा के साथ तहसीलदार के खराब बर्ताव के मामले में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस दिया जा सकता है। कांग्रेस दौसा तहसीलदार के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश करने के बारे में विचार कर रही है। कल विधानसभा में बैरवा ने अपने साथ हुई घटना के बारे में बहस के दौरान जिक्र किया था। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने कल विधानसभा में कहा था कि दौसा तहसीलदार भ्रष्टाचार में लिप्त है। विधायक जनप्रतिनिधि को कुछ नहीं समझता। भूमाफिया से मिला हुआ है। तहसीलदार विधायक से ऐसे पूछता है आप कौन हो और मुझे यहां तक कहा आप यहां से निकलो, कोई जवाब नहीं दूंगा। उन्होंने कहा था कि तहसीलदार को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। जब से यह तहसीलदार आया है, इसने अति कर रखी है। विधायक तक को धमकी देता है।


