टोंक के भासू पंचायत के छात्र पंकज लौहार ने राजस्थान विधानसभा में आयोजित मॉक सत्र में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के तहत विद्यार्थियों में जीवन कौशल और 21वीं सदी के आवश्यक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से संचालित प्रबल कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस मॉक विधानसभा सत्र में पंकज ने ज्वलंत और समसामयिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। ज्वलंत विषयों पर रखे दमदार विचार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भासू के कक्षा 11वीं के छात्र पंकज लौहार ने विधानसभा में ‘हमारा भविष्य–हमारा निर्णय’, किशोर-किशोरियों के सशक्त भविष्य के लिए मजबूत मानसिक स्वास्थ्य और उचित करियर मार्गदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर और सारगर्भित चर्चा की। उन्होंने आत्मविश्वास, तार्किक सोच और प्रभावी भाषा शैली के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए, जिससे सदन में उपस्थित सभी लोग प्रभावित हुए। सरकारी योजनाओं और संवाद कार्यक्रमों का किया जिक्र पंकज ने सदन में कहा कि सशक्त भविष्य के निर्माण के लिए मन की बात जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने पक्ष और विपक्ष को अवगत कराया कि 11 जनवरी 2026 को परीक्षा चर्चा कार्यक्रम के तहत अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ एक अनूठा संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पंकज ने यह भी कहा कि सरकार ‘हीट राजस्थान, फिट राजस्थान’ के कथन को साकार करते हुए सरकारी स्कूलों में साल में दो बार विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करवा रही है। इससे विद्यार्थियों का मानसिक और शारीरिक विकास हो रहा है और वे जीवन के लिए अधिक सशक्त बन रहे हैं। विद्यालय प्रशासन ने जताई खुशी विद्यालय के प्राचार्य श्याम सुंदर जाट ने पंकज की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि पंकज पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। उपप्राचार्य कल्पना कौशिक (पारीक) की देखरेख में पंकज ने मॉक विधानसभा सत्र के लिए विशेष तैयारी की थी। उन्होंने पंकज की मेहनत, अनुशासन और सीखने की लगन की सराहना की। पंकज की इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि पंकज भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के बल पर क्षेत्र, जिला और प्रदेश का नाम रोशन करता रहेगा।


