पाली विधायक भीमराज भाटी ने विधानसभा में गुरुवार को पाली के प्रदूषण से लेकर बांगड़ अस्पताल की अव्यवस्थाओं और रोहट में पेयजल समस्या का मामला उठाया। इसके साथ ही उन्होंने रोहट क्षेत्र में पेयजल समस्याओं की ओर ध्यान खींचा। विधायक भाटी ने कहा कि पाली का सबसे बड़ा बांगड़ अस्पताल सिर्फ रेफर अस्पताल बनकर रह गया है। कोई भी मरीज आता है उसको सीधा जोधपुर रेफर कर देते हैं। यहां पर अच्छे डॉक्टरों को नहीं रखा जाता है। उन्होंने कहा कि जयपुर में तो पर्ची की चर्चा है, लेकिन पाली के बांगड़ अस्पताल के ब्लड बैंक में बिना पर्ची के ब्लड नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी कोई ब्लड लेना होता है तो उसको 500 से 1 हजार रुपए देने पड़ते हैं। संभाग मुख्यालय तो आपने वापस ले लिया। विधायक ने अस्पताल के बहाने संभाग मुख्यालय छीनने का मुद्दा भी उठा लिया। सीईटीपी में हुआ घोटाला दबाया जा रहा भाटी ने आरोप लगाया कि पाली के सीईटीपी में 6.36 करोड़ का घोटाला हो चुका है, आईएएस आए, दिल्ली से टीम आई, टीम ने गबन की 300 पेज की रिपोर्ट भेजी। प्रदेश के वित्त विभाग से 2016 से लगातार कलेक्टर को चिट्टी लिखी जा रही है, ऐसे दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करो, एफआईआर दर्ज करो, लेकिन आज तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। घोटाला दबा के रखा है। रोहट क्षेत्र में पानी के टैंकर के लगते है हजार रुपए विधायक भीमराज भाटी ने कहा कि जल जीवन मिशन शानदार योजना है। रोहट इलाके में 10 दिन में एक बार पेयजल सप्लाई हो रही है। सर्दियों में भी एक टैंकर पानी के लिए 1 हजार रुपए देने पड़ते हैं। सर्दियों में यह हालात है तो गर्मियों में क्या स्थितियां होंगी। जवाई नहर जो 194 किमी लंबी है, उनके जीर्णोद्धार के लिए मंत्री जोराराम कुमावत बैठे हैं उनकी मेहरबानी से यह प्रोजेक्ट सेक्शन हुआ, लेकिन आज तक उस पर कोई काम नहीं हुआ है। नशे में डांस करने वाले के लिए भी सिंगल जीओ ऑर्डर शराब पीकर डांस करते व्यक्ति का वीडियो वायरल हुआ था उसका सिंगल जीओ ऑर्डर इश्यू होता है। धन्यवाद देता हूं पाली एसपी को जिन्होंने जीओ ऑर्डर नहीं माना और दूसरी जगह लगा दिया। ऐसे ऑर्डर से सरकार की छवि धूमिल होती है। खनन विभाग की जिस पर 2 करोड़ 36 लाख की रिकवरी निकली हुई है। उसकी एक प्रॉपर्टी नीलाम हुई। उस प्रॉपर्टी ने एससी के व्यक्ति ने खरीद कर रजिस्ट्री करवा ली, लेकिन अभी तक कब्जा नहीं मिल पाया है।


