शाजापुर जिले के अवंतीपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र में कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के विधायक घनश्याम चंद्रवंशी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। तिलावद मैना निवासी हरिओम पटेल पर यह आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अरनियाकलां निवासी मनोज पिता नन्नूलाल सोनानिया (40) ने अवंतीपुर बड़ोदिया थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, मंगलवार को मनोज ने अपनी फेसबुक आईडी से एक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट में अरनियाकलां में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री करणसिंह वर्मा, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवीप्रसाद ठेकेदार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करने का जिक्र था। विधायक ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मां-बहन के लिए अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस के संस्कारों को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री की माता के लिए इसी तरह की भाषा का प्रयोग किया जा चुका है। विधायक ने कहा कि हरिओम पटेल कांग्रेस समर्थक है। फेसबुक पोस्ट पर विधायक को मारने की धमकी दी इसी पोस्ट पर शाम करीब 8:33 बजे हरिओम पटेल ने अपनी फेसबुक आईडी से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी के लिए अश्लील, आपत्तिजनक और गाली-गलौज भरी टिप्पणी की। इतना ही नहीं, आरोपी हरिओम पटेल ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक अलग पोस्ट भी डाली, जिसमें विधायक को मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी की ओर से इस प्रकार की हरकतें पहले भी की जा चुकी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले भी दोनों के बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था गौरतलब है कि इससे पहले भी 23 अप्रैल को आरोपी हरिओम पटेल और विधायक घनश्याम चंद्रवंशी के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। उस मामले में भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे जेल भेजा गया था। यह दूसरी बार है जब विधायक को गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में शुजालपुर एसडीओपी निमेष देशमुख का कहना है कि आरोपी हरिओम पटेल फरारी जिसकी तलाश की जा रही है।


