विधायक के फंक्शन में ‘शेर आया’:राष्ट्रीय अध्यक्ष क्यों बोले- ये ‘जलन’ कुछ भी नहीं; SP साहिबा पर किसने बरसाए फूल

नमस्कार नेता वही जो आपदा में भी अवसर खोज ले। श्रीराजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हादसे के बाद कुछ ऐसा ही कर दिया। नागौर में कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर के वैवाहिक कार्यक्रम में ‘शेर आया-शेर आया’ के नारे लग गए। डीडवाना में सर्कल ऑफिसर ने एसपी मैडम पर फूलों की बारिश कर दी। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. दादा..कितनी जलन हो रही है..? चलती कार में वीडियो बना रहे युवक ने पूछा- दादा कितनी जलन हो रही है? जिनसे यह सवाल पूछा गया वो श्रीराजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष। कंधा और बांह जले हुए। दादा उदारता से बोले- बच्चों के भविष्य की जो जलन थी, उसके सामने यह जलन कुछ नहीं। ऐसी जलन तो होती रहती है। पांच बार भी जल जाएं तो कोई दिक्कत नहीं। दादा UGC बैक रोल की मांग कर रहे हैं। दादा का कहना है कि नए नियम सवर्णों के खिलाफ हैं। बैक रोल की मांग करते हुए दादा ने राजधानी में मशाल जुलूस निकाला था। इसी जुलूस में आग से भरी हुई मशाल दादा के कंधे पर खौलते लावे जैसी आ गिरी। वैसे करणी सेना ने अच्छे-अच्छों को ‘जलन’ का स्वाद चखाया है। 2. विधायकजी के घर वैवाहिक कार्यक्रम में ‘शेर आया’ वे लाडनूं (नागौर) से कांग्रेस विधायक हैं। नाम है मुकेश भाकर। जज साहिबा से शादी करने जा रहे हैं। शादी 9 मार्च को होने जा रही है। इससे पहले विधायकजी ने प्रीतिभोज का कार्यक्रम रखा। प्रीतिभोज में शामिल होने नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल पहुंचे। या तो बेनीवाल के समर्थक बेनीवाल से पहले तय मौके पर पहुंच जाते हैं। या फिर बेनीवाल समर्थकों का हुजूम साथ लेकर चलते हैं। इसी बात पर दो युवकों में चर्चा हो रही थी कि कार से उतरते ही समर्थकों ने सांसद जी को कंधों पर उठा लिया। समारोह के मुख्य मंच तक कंधों पर ही लेकर आए। इस दौरान नारा गूंजता रहा- कौन आया ? कौन आया? शेर आया, शेर आया। इसी कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी पहुंचे। समर्थकों का जोर पायलट के पास भी है। लेकिन यह जोर उन्होंने चुनावी सीजन के लिए बचा रखा है। हर जगह खर्च नहीं करते। पायलट का स्वागत करते हुए भाकर ने उनके सिर पर साफा रख दिया। पायलट जी ने मौका देख साफा उतारा और भाकर जी के सिर पर फिट कर दिया। माला पहनाई की रस्म में विधायक जी ने रुपया-नारियल ही स्वीकार किया। लेकिन सोशल मीडिया पर किसी ने नई डिफेंडर का फोटो डालकर इसे ‘दहेज’ करार दे दिया। बाद में किसी ने बताया कि डिफेंडर कार तो लग्जरी कारों के शौकीन युवा नेताजी लेकर आए थे। 3. उदयपुर पुलिस के जवानों को जैकेट का रंग पसंद नहीं एडिशनल एसपी साहब समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर केसरिया रंग में दिक्कत क्या है। इस वक्त तो यही रंग चल रहा है। यहां तक कि एपल कंपनी भी इस कलर की मुरीद हो चुकी है। झीलों की नगर में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए खास पर्यटक सुरक्षा पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को केसरिया रंग का जैकेट दिया गया। इसी जैकेट को लेकर अंदरखाने बात चल रही थी कि जवान इसे पहनना पसंद नहीं कर रहे हैं। एडिशनल एसपी साहब आखिर सच जानने की ठानी और जवानों के सामने पहुंच गए। कतार में सभी जवान केसरिया जैकेट पहने खड़े हैं। एडिशनल एसपी साहब ने पूछा- जैकेट में क्या दिक्कत है? कोई बताएगा? एक जवान ने हिम्मत की, और बोला- हुजूर जैकेट का कलर चेंज करवा दो। नगरपालिका के कर्मचारियों जैसा है। 4. चलते-चलते… होली है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। सोशल मीडिया तो अब तक होली के रंगों से गंधा रहा है। जनता ने इस बार चंद्रग्रहण के कारण दो दिन होली का स्वाद चखा। धुलंडी के दूसरे दिन पुलिस वाले होली खेलते हैं। लेकिन इस बार पुलिस ने दो दिन धुलंडी में ड्यूटी बजाई। ऐसे में पुलिस वाले भी चाहते थे कि वे भी जमकर होली मनाएं और दोहरा आनंद उठाएं। डीडवाना में पुलिस के जवानों ने दिन में खूब गुलाल उड़ाई। जमकर होली खेली। अधिकारियों को रंगा। एसपी ऋचा तोमर ने भी खूब होली खेली। साथी जवानों के साथ डांस किया। शाम होते-होते पता चला कि रात में पुलिस के लिए फूल होली का भी प्रबंध हैं। रात में एसपी मैडम फूल होली के कार्यक्रम में पहुंचीं तो कार से उतरते ही उन पर फूलों की बारिश होने लगी। मैडम के पीछे पीछे सीआई साहब फूलपत्तियां उछालते चल रहे थे। यहां गीत संगीत का कार्यक्रम भी रखा गया था। फूलों से ऐसा रंगारंग माहौल हुआ कि दो दिन ड्यूटी में लगने का मलाल जाता रहा। इनपुट सहयोग- हनुमान तंवर (नागौर-डीडवाना), अनूप पाराशर (उदयपुर), राकेश गुसाईं (जयपुर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *