नागौर के खींवसर से विधायक रेवंतराम डांगा ने कहा है कि सांसद हनुमान बेनीवाल बड़बोले नेता हैं, जैसा चाहे बयान देते हैं, सभ्य नहीं हैं। उन्होंने(हनुमान बेनीवाल) अभी राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वो निंदनीय है। अब खींवसर के उपचुनाव का परिणाम सबके सामने है और 2023 में जब विधानसभा चुनाव था उसका परिणाम भी सबके सामने है। विधायक रेवंतराम डांगा ने एक वीडियो बयान जारी करते हुए नागौर सांसद व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल को आड़े हाथों लिया है। विधायक डांगा ने आगे कहा कि इनके(हनुमान बेनीवाल) और आरएलपी के पास राजस्थान में कोई जनाधार नहीं है। ये पहले 2019 में भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से सांसद बने और 2024 में कांग्रेस पार्टी के सहयोग से सांसद बने हैं। इनके खुद के और इनकी पार्टी के पास कोई जनाधार नहीं है। बौखलाहट के कारण मन चाहे किसी भी नेता और पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, ये गलत है। जयपुर में अजमेर रोड पर हुई दुखांतिका को लेकर रेवंतराम डांगा ने कहा कि बहुत ही दुख की बात है। जो घटना हुई उसके लिए सबके मन में दुख है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जांच कमेटी गठित की गई है। जो कमेटी गठित हुई है वो जांच करेगी, लापरवाही के जिम्मेदार दोषियों पर कार्रवाई होगी।


