उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर में रविवार को आनंद उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने आम नागरिकों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। उत्सव में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। तनाव दूर करने के उद्देश्य से आयोजन यह आनंद उत्सव अध्यात्म विभाग आनंद संस्थान और नगर परिषद नौरोजाबाद के संयुक्त तत्वावधान में रामलीला मैदान में आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के जीवन से तनाव कम करना और खुशहाली व सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना था। दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक शिवनारायण सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को खेल और गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। पारंपरिक खेलों में दिखा उत्साह आनंद उत्सव के दौरान कई पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें दौड़, खो-खो, कुर्सी दौड़ और रस्साकशी प्रमुख रहीं। स्थानीय नागरिकों ने इन खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खूब उत्साह दिखाया। विधायक ने लगाई दौड़ दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत विधायक शिवनारायण सिंह ने नागरिकों के साथ दौड़ लगाकर की। वहीं महिलाओं की दौड़ में नगर परिषद अध्यक्ष कुशल सिंह ने महिला पार्षदों के साथ भाग लेकर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। 26 जनवरी को मिलेगा पुरस्कार कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को आगामी 26 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।


