भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन प्रशासन के लिए लगातार चुनौती बना है। प्रशासन की ढिलाई की पोल खोलती तस्वीर तब सामने आई, जब डीएसटी टीम ने विधायक लादूलाल पितलिया के पैतृक गांव नाथड़ियास और आसपास के इलाकों में कार्रवाई की। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह अवैध गतिविधि विधायक निवास से महज 200 मीटर दूरी पर चल रही थी। डीएसटी ने पूरी गोपनीयता के साथ दबिश देते हुए कोठारी नदी से अवैध रूप से बजरी परिवहन कर रहे करीब 9 ट्रैक्टरों को मौके से जब्त किया। टीम के पहुंचते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर खेतों में फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध बजरी भी जब्त की गई। सभी जब्त ट्रैक्टरों को रायपुर थाने में खड़ा करवा दिया है। विधायक के गांव में निवास के आसपास लंबे समय से अवैध खनन चल रहा था।


