उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने जरहा क्षेत्र के किसानों के खेतों का दौरा किया। उन्होंने बारिश से खराब हुई सोयाबीन की फसल का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं। विधायक शिवनारायण सिंह के साथ डिप्टी कलेक्टर हरनीत सिंह, तहसीलदार और अन्य अधिकारी सकरवार, नरवार, गोपालपुर, कटंगी और महुली नयागांव के खेतों में पहुंचे। उन्होंने किसानों की खराब फसलों का जायजा लिया। किसानों ने बताया कि सोयाबीन की पूरी फसल खराब हो गई है। उन्होंने धान की फसल में भी रोग लगने की चिंता व्यक्त की। किसान राजेश पवार ने पुष्टि की कि सकरवार सहित पूरे क्षेत्र में सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान हुआ है। विधायक बोले- किसानों को दिया जाएगा मुआवजा अधिकारियों ने फसल का निरीक्षण और सर्वे किया। विधायक शिवनारायण सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि उन्हें जल्द ही मुआवजा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए।


