भाजपा की लाडपुरा विधायक कल्पना देवी की सुरक्षा में लगा कॉन्स्टेबल (गनमैन) 4 साल से ज्यादा समय से ड्यूटी पर आए बिना सैलरी उठाता रहा। पुलिस विभाग ने कॉन्स्टेबल से उसके हथियार (पिस्टल) के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया तो पूरा मामला सामने आया। इस दौरान विभाग ने कॉन्स्टेबल को लेकर विधायक कल्पना देवी से जानकारी मांगी तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई गनमैन उनकी सुरक्षा में था ही नहीं। इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे 1 साल की जांच के बाद सस्पेंड कर दिया है। जांच में सामने आया कि वह 4 सालों से भी ज्यादा समय से बिना ड्यूटी पर आए 27 लाख की सैलरी उठा चुका है। 2023 में हुआ था खुलासा मामले को लेकर कोटा शहर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि कोटा पुलिस विभाग ने 2019 में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी की सुरक्षा में कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह को भेजा था। कॉन्स्टेबल जितेंद्र न ही विधायक कल्पना देवी के पास पहुंचा और न ही पुलिस लाइन में पहुंचा। इधर महकमे को यह लगा कि वह विधायक की सुरक्षा में तैनात है। इस दौरान 2023 में जब लाडपुरा विधायक से उसकी जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास जितेंद्र नाम का कोई सुरक्षाकर्मी या गनमैन है ही नहीं। दुहन ने बताया कि कॉन्स्टेबल जितेंद्र के चलते विधायक की सुरक्षा को भी खतरे में रखा गया। ऐसे में उसे पहले सस्पेंड कर एडिशनल जांच करवाई गई थी। अब जांच पूरी होने पर उसे 31 दिसंबर 2024 बर्खास्त कर दिया है। फोन बंद आया तो विधायक से किया संपर्क एसपी दुहन ने बताया कि विधायकों की सुरक्षा में लगे गनमैन को हर साल अपने हथियार का ब्यौरा पुलिस लाइन में देना होता है। इस के चलते उसे पुलिस लाइन में आना पड़ता था। एसपी दुहन ने बताया- साल 2023 में उसे (जितेंद्र) फोन किया गया तो उसका फोन स्विच ऑफ आया था। ऐसे में, पुलिस लाइन से फोन कर विधायक कल्पना देवी से उसके बारे में पूछताछ की गई। इसमें उन्होंने बताया कि उनके पास इस नाम का कोई गनमैन नहीं है। इससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि बीते 4 सालों से भी ज्यादा समय से पुलिस विभाग की आंखों में धूल झोंक रहा है। पुलिस लाइन में अपने हथियार का ब्यौरा दे कर सरकार से सैलरी भी पूरी ले रहा है। पुलिस लाइन में आकर ट्रेनिंग भी बराबर कर रहा था। गनमैन का प्रशिक्षण भी 2022 में जयपुर से लेकर आया था। ट्रेनिंग के लिए पुलिस लाइन में आमद (एंट्री) करवाता और ट्रेनिंग पूरी होते ही वापस रवानगी करवा लेता था। 5 साल में उठाए 27 लाख रुपए एसपी दुहन के अनुसार, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह सोलंकी ने पुलिस लाइन में किसी को भी यह नहीं बताया कि वह लाडपुरा विधानसभा की विधायक कल्पना देवी की सुरक्षा में नहीं लगा है। इसके चलते हमेशा पुलिस लाइन से उसकी सैलरी बन जाती थी। सरकार से साल का 6 लाख रुपए से अधिक का वेतन उठा रहा था। पिछले 5 सालों में 27 लाख रुपए से अधिक की सैलरी उठा चुका था। कॉन्स्टेबल ने 4 से अधिक सालों में विधायक सुरक्षाकर्मी का काम ही नहीं किया है। विधायक बोलीं- मैंने गनमैन मांगा ही नहीं विधायक कल्पना देवी ने बताया कि मैंने कभी सुरक्षाकर्मी या गनमैन मांगा ही नहीं। पुलिस ने अपने हिसाब से तैनाती की और मुझे इसकी कोई सूचना भी नहीं दी थी।


