भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 24 ग्राम हेरोइन, 13 बोतल जुगनी सोफिया शराब, दो पेटी पंजाब शराब और नशा करने का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस और एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने काराबारा बहादुर रोड पर गश्त के दौरान सूचना के आधार पर जालंधर बाईपास दाना मंडी के पीछे दबिश दी। यहां जसबीर कौर उर्फ जस्सी पत्नी चंचल सिंह को दो पेटी पंजाब शराब के साथ काबू किया गया। थाना डिवीजन-2 की टीम ने लेबर कट कॉलोनी, जनकपुरी से राहुल उर्फ मोदी पुत्र परविंदर सिंह को 14 ग्राम हेरोइन सहित और पुड्डा ग्राउंड से नीतीश पुत्र सुरेंद्र बैंस को नशा करते हुए पकड़ा। नीतीश से सिल्वर पन्नी, लाइटर और 10 रुपए के नोट बरामद किए गए। थाना सलेम टाबरी के थाना अधिकारी बलराज सिंह ने छोटी दरेसी ग्राउंड से शिवम् उर्फ छिब्बू पुत्र प्रदीप कुमार को नशा करते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से नकदी, सिल्वर पन्नी और लाइटर बरामद हुए। थाना डेहलों के अधिकारी तरसेम सिंह ने गांव डेहलों स्थित सी-वन होटल के पास पुल किनारे से गुरप्रीत सिंह पुत्र हरजीत सिंह को नशा करते पकड़ा। रेलवे लाइन के पास इंडोर स्टेडियम पखोवाल रोड से पवन कुमार गौतम पुत्र धनि राम को 11 बोतल जुगनी सोफिया शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना पीएयू के अधिकारी सुखविंदर सिंह ने होली क्राइस्ट स्कूल, किलचू नगर के पास अश्वनी कुमार पुत्र लखविंदरपाल को 10 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया। पुलिस का कहना है कि शहर में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।


