भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे में रायपुर स्टेडियम टीम इंडिया के समर्थन में जर्सी पहनकर पहुंचे फेंस से नीला हो गया। मुकाबले का आकर्षण विराट कोहली का लगातार दूसरा शतक रहा। शतक बनते ही स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। जुनून ऐसा था कि विराट के चौके-छक्के पर फैंस नारे लगा रहे थे। हालांकि इस पारी के बावजूद भारत 4 विकेट से हार गया। भारत ने 5 विकेट पर 358 रन बनाए थे। जवाब में अफ्रीका ने 6 विकेट खोकर 49.2 ओवर में 362 रन बनाकर मैच जीत लिया। वर्ल्ड कप की नई जर्सी लॉन्च, इंडिया-इंडिया… के नारे इसके साथ ही स्टेडियम में एक और बड़ा मोमेंट देखने को मिला। मेंस वर्ल्ड कप की नई जर्सी का लॉन्च। जर्सी लॉन्च होते ही फैंस में नया जोश भर गया। इस खास क्षण को फेंस ने मोबाइल के कैमरे में कैद भी किया। टीम इंडिया की नई वर्ल्ड कप जर्सी को देखकर दर्शकों ने लंबे समय तक तालियां बजाईं। ठंडे मौसम के बावजूद लोगों का जोश ठंडा नहीं पड़ा और पूरा स्टेडियम ‘इंडिया …इंडिया’ के नारों से गूंजता रहा। सभी ने फ्लैश लाइट जलाकर जर्सी का स्वागत किया। स्टेडियम के बाहर और अंदर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रही।


