झारखंड लोकसेवा आयोग (जेपीएससी) के अध्यक्ष का पद 175 दिन से खाली है। इससे 11वी-13वीं सिविल सेवा परीक्षा का रिजल्ट अटका हुआ है। जबकि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करीब सात महीने पहले पूरा कर लिया गया है। आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी लगातार आंदोलन चला रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को अभ्यर्थियों ने अनूठा प्रदर्शन किया। उन्होंने पंडित को बुलाकर आयोग के कार्यालय के सामने विधि-विधान से जेपीएससी का पिंडदान किया और ब्रह्मभोज कराया। इससे पहले अभ्यर्थियों ने ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए लोगों को निमंत्रण पत्र भेजा था। इसमें लिखा था-अत्यंत दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे रोजगार नौकरी दाता ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ की असामयिक मृत्यु हो गई है। उनके ब्रह्मभोज में शामिल हों। ये नियुक्तियां भी हो रही बाधित… जेपीएससी अध्यक्ष का पद खाली होने से सिविल सेवा परीक्षा के साथ ही कई नियुक्ति परीक्षाएं, इंटरव्यू और प्रमोशन अटका हुआ है। इनमें सीडीपीओ नियुक्ति, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, फॉरेस्ट अफसर, सिविल जज (जूनियर), असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति और इंटरव्यू, झारखंड पात्रता परीक्षा और यूनिवर्सिटी शिक्षकों का प्रमोशन शामिल हैं।


