टोंक में शुक्रवार को विवाहिता ने सुसाइड कर लिया। लुगड़ी से फंदा लगाया, फिर छत से लगे कुंदे में लटक गई। जंगल से लकड़ियां लेकर घर लौटी सास ने गेट खटखटाया तो कुंदी भीतर से बंद मिली। उसके चिल्लाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गेट तोड़कर देखा तो महिला फंदे से लटक रही थी। घटना दूनी थाना क्षेत्र के राजमहल गांव में शुक्रवार की सुबह हुई। सूचना पर पुलिस और मृतका का पति मौके पर पहुंचा और जांच के लिए शव को दूनी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालांकि मृतका प्रियंका (22) की हंसराज से शादी महज दो साल पहले हुई थी। दोनों के अभी कोई संतान नहीं थी। ऐसे में मामले की जांच एसडीएम करेगी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम के बाद भीलवाड़ा से आए पीहर पक्ष को मृतका का शव सौंप दिया गया। मामले में पीहर पक्ष की तरफ से किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई हैं। दूनी थाना प्रभारी रतन सिंह तंवर ने बताया- मृतका प्रियंका ने शुक्रवार सुबह अपने घर में कड़े से लुगड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। चूंकि मामला विवाहिता की मौत से जुड़ा था, लिहाजा देवली एसडीएम प्रतिनिधि भोपाल सिंह की मौजूदगी में दूनी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। वहीं एसडीएम ने भी मामले की जानकारी ली। इस दौरान ससुराल और पीहर पक्ष के दोनों पक्षों के लोग वहां उपस्थित रहे। मामले को लेकर मृतका के पिता राजकुमार लोधा, निवासी जयसिंहपुरा (चाकसू, जयपुर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि पिता ने अपनी रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की अनहोनी या संदेह से साफ इनकार किया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच देवली उपखंड अधिकारी रुबी अंसार ने शुरू कर दी है। इनपुट: चेतन वर्मा, दूनी


